सुकमा आईईडी ब्लास्ट में एएसपी आकाश राव शहीद
कई अन्य पुलिस अधिकारियों के भी घायल होने की सूचना
दक्षिण कोसल टीमसुकमा जिले में नक्सलियों ने इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) ब्लास्ट कर पुलिस ऑफिसर की गाड़ी को उड़ा दिया है, आईडी ब्लास्ट में कोंटा एडिशनल एसपी आकाश राव शहीद हो गए हैं। गोलापल्ली की ओर से नए कैंप स्थापना कर कोंटा लौट रहे थे, ब्लास्ट में कोंटा टीआई और एसडीओपी घायल हुए हैं।
खबर है कि है कि कोंटा-गोलापल्ली मार्ग पर नए कैंप की स्थापना कर लौट रहे थे। इस दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडीकी चपेट में आने से एएसपी शहीद हो गए। उन्हें घायल अवस्था में कोंटा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिए। अतिरिक्त एसपी आकाश क्षेत्र में पैदल गश्त ड्यूटी पर थे ताकि भाकपा (माओवादी) द्वारा 10 जून को भारत बंद के आह्वान के मद्देनजऱ किसी भी प्रकार की नक्सली घटना को रोका जा सके।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में एडिशनल एसपी आकाशराव गिरपुंजे के शहीद होने का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है।
आकाश एक होनहार, साहसी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे। उनकी वीरगति को कोटि-कोटि नमन करता हूं। ईश्वर पुण्यात्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवारजनों को यह असहनीय दु:ख सहन करने की शक्ति दें। घटना में घायल हुए जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
लगातार हो रही सुरक्षाबलों की कार्रवाई से नक्सली बौखलाए हुए हैं। इस कायराना कृत्य का माक़ूल जवाब दिया जाएगा। बस्तर से नक्सलवाद की काली छाया को पूरी तरह समाप्त करके ही चैन लेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि सुकमा जिले के कोंटा में नक्सलियों द्वारा किये गए आईईडी विस्फोट में एएसपी आकाश राव गिरपुंजे के शहीद होने की सूचना प्राप्त हुई है। यह अत्यंत ही दुखद है। मैं उनकी शहादत को नमन करता हूं।
इस कायरतापूर्ण हमले में कुछ अन्य अधिकारी व जवानों के भी घायल होने की खबर है। घायल अधिकारियों को समुचित इलाज हेतु निर्देश दिए हैं।
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों द्वारा एक बड़ी लड़ाई लड़ी जा रही है और उसमें सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है। इसी से बौखला कर नक्सली इस तरह की कायराना करतूत को अंजाम दे रहे हैं। नक्सलियों को इसका परिणाम भुगतना होगा। वह दिन अब ज्यादा दूर नहीं जब छत्तीसगढ़ से इनका अस्तित्व ही समाप्त कर दिया जाएगा।

Add Comment