प्लास्टिक दो, सामान लो, पर्यावरण बचाओ
विश्व पर्यावरण दिवस विशेष
दक्षिण कोसल टीमछत्तीसगढ़ के एक शिक्षक और नामी कलाकार के प्रयास ने समाज में परिवर्तन के बेहतर अवसरों की तलाश करते हुए नित नए कीर्तिमान स्थापित करते जा रहे हैं। इसी कड़ी में पिछले कुछ सालों से बिलासपुर में लोकश पूजा उके का नाम सुर्खियों में है। उन्होंने इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस पर अपने अनूठे अंदाज में ‘प्लास्टिक दो, सामान लो, पर्यावरण बचाओ’ का नारा देते हुए समाज में आने वाली पीढिय़ों बच्चों को शिक्षित करने में अपना योगदान दिया हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस के दिन पंचशील बुद्ध विहार, टिकरापारा, बिलासपुर में ‘प्लास्टिक दो, सामान लो, पर्यावरण बचाओ’ पहल की अनूठी शुरुआत की गई।
5 जून के दिन एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक अनोखी और इस प्रेरणादायक पहल की शुरुआत की गई।
लोकेश ‘दक्षिण कोसल’ को बताते हैं कि हमने बच्चों के माध्यम से समाज को एक नारा दिया है ‘प्लास्टिक कचरा दो समान लो और पर्यावरण बचाओ। इस कार्यक्रम तहत 1 किलो प्लास्टिक में 1 नोटबुल, 2 किलो प्लास्टिक में 1 नोटबुक तथा 1 पेन और 4 किलो प्लास्टिक में 1 पौधा प्रत्येक व्यक्ति को देने की योजना बनाई हैं।
इसमें बच्चों ने नागरिकों से प्लास्टिक एकत्र कर उसके बदले में नोटबुक और पौधे वितरित किए। यह प्रयास न केवल प्लास्टिक कचरे को कम करने की दिशा में था, बल्कि हरित पर्यावरण की भावना को भी मजबूती से प्रस्तुत करता है।
पर्यावरण दिवस के दिन इस कार्यक्रम की शुरुआत बुद्ध वंदना से की गई, जिसके पश्चात अनामिका पाटिल, कमलेश लाहवत्रे तथा लीना गजभिए ने उपस्थित बच्चों एवं नागरिकों को पर्यावरण की महत्ता और उसके संरक्षण के उपायों पर मार्गदर्शन किया।
इसके पश्चात 1 जून को आयोजित ‘पर्यावरण पेंटिंग मेला’ में भाग लेने वाले बच्चों को उनकी रचनात्मकता और जागरूकता फैलाने के प्रयास हेतु प्रमाण पत्र और ‘इन्वायरमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित भी किया गया।
बताते चले कि ‘प्लास्टिक दो, सामान लो’ स्टॉल को पंचशील बुद्ध विहार नि:शुल्क पाठशाला के छात्रों ने संचालित किया।
इस पूरे आयोजन में विहार के समर्पित सदस्यों के साथ-साथ टिकरापारा क्षेत्र के नागरिकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और बच्चों के इस सामाजिक अभियान को दिल से समर्थन दिया। प्रायोजक के तौर पर लीना गजभिए, अनामिका पाटिल ताई, अशोक ठाकरे, प्रमोद नवरत्न सहित नागरिक और बच्चे उपस्थित थे।

Add Comment