कोरबा लोकसभा: भाजपा हर बार प्रत्याशी बदलती रही

कांग्रेस लगातार महंत परिवार पर विश्वास कायम रखा 

दिलीप साहू

 

तीसरे चरण में 7 मई को छत्तीसगढ़ के 7 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इनमें से कोरबा लोकसभा सबसे हॉट सीट बना हुआ है। इस सीट पर कांग्रेस ने जहां मौजूदा सांसद ज्योत्सना महंत को मैदान में उतारा है। वहीं बीजेपी ने पूर्व  सांसद सरोज पांडेय पर दांव खेला है। कांग्रेस और बीजेपी दोनों दल इस सीट पर खूब जोर आजमाइश कर रहें हैं। लगातार राष्ट्रीय नेताओं के दौरे हो रहें हैं। 

कोरबा लोकसभा क्षेत्र नए परिसीमन के बाद अस्तित्व में आया, यहां साल 2009 में पहला लोकसभा चुनाव हुआ था। तब कांग्रेस से डॉ. चरणदास महंत ने भाजपा के करूणा शुक्ला को 20 हजार 737 मतों से पराजित किया था।  वहीं 2014 में दूसरे लोकसभा चुनाव में कोरबा से कांग्रेस के डॉ. चरणदास महंत को भाजपा के डॉ. बंशीलाल महतो ने महज 4265 मतो से हरा पाए थे।

अगला लोकसभा चुनाव वर्ष 2019 में हुआ,  जिसमें कांग्रेस के डॉ. चरणदास महंत चुनाव नहीं लड़े और उनके स्थान पर उनकी धर्मपत्नी ज्योत्सना महंत पहली बार चुनाव मैदान में उतरी है। ज्योत्सना महंत का मुकाबला करने भाजपा ने ज्योतिनंद दुबे को चुनाव मैदान में उतारा, लेकिन एक बार फिर इस लोकसभा से कांग्रेस की जीत हुई और ज्योत्सना चरणदास महंत ने बीजेपी के ज्योतिनंद दुबे को 26 हजार 249 मतों से हरा दिया। इस सीट पर अब तक 2 बार कांग्रेस और एक बार भाजपा ने बाजी मारी है।

कोरबा लोकसभा सीट पर इस बार कुल 16 लाख 9 हजार 993 मतदाता है। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या 8 लाख 9 हजार 877 हैं। वहीं पुरुष मतदाताओं  की संख्या 8 लाख 63 है, जबकि 53 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

लोकसभा सीट - कोरबा (2009 में अस्तित्व)

कुल मतदाता - 1609993
पुरुष मतदाता - 800063
महिला मतदाता - 809877
थर्ड जेंडर मतदाता - 53

कोरबा लोकसभा क्षेत्र में 7 सहायक मतदान केंद्रों समेत कुल 2023 मतदान केंद्र बनाएं गए हैं। इसमें से 139 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। कोरबा लोकसभा क्षेत्र में इस बार 27 प्रत्याशी मैदान में है।

इनमें प्रमुख रूप से-
सरोज पांडेय - भाजपा 
ज्योत्सना महंत - कांग्रेस 
दुजराम बौद्ध - बसपा 
सुशील विश्वकर्मा - भारतीय जनता सेकुलर पार्टी 
कमलदेव - भारतीय शक्ति चेतना पार्टी 
रेखा तिवारी - छत्तीसगढ़ विकास गंगा राष्ट्रीय पार्टी
श्याम सिंह मरकाम - गोंडवाना गणतंत्र पार्टी 
प्रियंका पटेल - रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया 
प्रशांत डेनियल - सर्व आदि दल... शामिल है।
इसके अलावा 18 स्वतंत्र उम्मीदवार भी मैदान में है।

कोरबा में एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस आमने - सामने हैं। कांग्रेस से ज्योत्सना महंत चुनाव मैदान में हंै, तो वहीं बीजेपी ने पूर्व सांसद सरोज पाण्डेय को चुनाव मैदान में उतारा है। पहली बार दो महिला प्रत्याशी आमने सामने नजऱ आ रहीं हैं।
कोरबा लोकसभा क्षेत्र में कुल चार जिलों के 8 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं, जिनमें महेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर (एमसीबी) व कोरिया जिले के बैकुंठपुर, मनेंद्रगढ़ और भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र के अलावा पेण्ड्रा जिले से मरवाही विधानसभा।  जबकि कोरबा जिले से पाली-तानाखार, कटघोरा, रामपुर और कोरबा विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

कोरबा लोकसभा क्षेत्र में अब तक हुए तीन चुनाव व वर्तमान चौथे चुनाव में भाजपा हर बार प्रत्याशी बदलती रही है। पहले चुनाव में करुणा शुक्ला, दूसरे चुनाव में डॉ. बंशीलाल महतो, तीसरे चुनाव में ज्योतिनंद दुबे और अब चौथे चुनाव में सरोज पाण्डेय को अपना उम्मीदवार बनाया हैं। वहीं कांग्रेस लगातार महंत परिवार पर विश्वास कायम रखा है। पहले दो चुनाव डॉ. चरणदास महंत लड़े और अब लगातार दो चुनाव उनकी पत्नी ज्योत्सना महंत चुनाव लड़ रही हैं।

बहरहाल कोरबा लोकसभा सीट कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बना हुआ है। कोरबा में बीजेपी और कांग्रेस दोनों दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा की ओर से प्रत्याशी सरोज पांडेय के लिए लगातार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय चुनावी सभा ले रहे हैं। उनके अलावा गृहमंत्री अमित शाह और योगी आदित्यनाथ की चुनावी सभा हो चुकी है।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी ज्योत्सना महंत के लिए प्रदेश के नेताओं के साथ ही प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के अलावा कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भी चुनावी सभा की है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस बार कोरबा की जनता किस पर विश्वास जताता है?

दक्षिण कोसल के सहायक सम्पादक दिलीप साहू की रिपोर्ट। 


Add Comment

Enter your full name
We'll never share your number with anyone else.
We'll never share your email with anyone else.
Write your comment

Your Comment