अमित शाह ने कहा भूपेश सरकार ने भुनेश्वर साहू को लिंचिंग कर मार दिया
कांग्रेस ने गंगाजल की गरिमा गिराने का काम किया
सुशान्त कुमार9 अक्टूबर को आचार संहिता के लागू होते ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। लोकतंत्र में चुनावी महायुद्ध में राजनांदगांव पहुंचे केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक चुनावी सभा में कार्यकर्ताओं में जोश भरा और प्रदेश की भूपेश सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। शाह ने कार्यकर्ताओं से पीएम मोदी की ‘झोली’ में जिले की सभी चारों सीटें डालने का वचन लिया। शाह की सभा के बाद विशाल नामांकन रैली निकाली गई। भाजपा ने नामांकन के बहाने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। सभा के बाद चारों विधान सभा के हजारों कार्यकर्ताओं ने जुलूस की शक्ल में जिला कार्यालय कूच किया जहां डॉ.रमन सिंह के अलावा भरत वर्मा एवं विनोद खाण्डेकर ने नामांकन जमा किया।

कांग्रेस ने नांदगांव सीट से खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन को टिकट दिया है। देवांगन जिला कार्यालय पहुुंचकर नामांकन दाखिल किए। देवांगन के साथ प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री शाहीद भाई, महापौर हेमा देशमुख, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा एवं प्रवक्ता रूपेश दुबे मौजूद रहे। प्रत्याशी देवांगन की मौजूदगी से एक होटल में कांग्रेस की बैठक भी हुई। बैठक में चुनावी रणनीति बनी। बैठक में कुछ समय के लिए उपस्थित हुए सीएम भूपेश बघेल ने सभी दावेदारों एवं कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाया और टिकट वितरण पर कहा कि अलाकमान का आदेश है, इस पर सवाल जवाब नहीं हो सकता।
नवरात्रि के दूसरे दिन भाजपा ने शहर में नामांकन के बहाने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। राजनांदगांव शहर के स्टेट स्कूल के विशाल ग्राउंड में अमित शाह को सुनने जिलेभर के भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे। पूरा शहर सुरक्षा बलों के कब्जे में था। पूरा दिन चुनावी भागदौड़ के कारण राजनांदगांव की स्थिति ट्रैफिक जाम की रही। यहां शाह का आगमन दोपहर एक बजे हुआ। शाह ने इस मंच से डॉ.रमन सहित सहित सभी भाजपा प्रत्याशियों को जिताने का आव्हान किया। शाह का भाषण लगभग पौन घंटे तक चला। सभा के बाद शाह सीधे हेलीपेड पहुंचे और वहां से दिल्ली के लिए रवाना हुए। यहां चर्चा थी कि शाह यहां डॉ.रमन के साथ नामांकन के दौरान मौजूद रहेंगे। स्टेट स्कूल प्रांगण में दोपहर 2:30 बजे नामांकन रैली निकली। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना।
नरेन्द्र मोदी, अमित शाह एवं डॉ.रमन जिंदाबाद के नारे के साथ कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय कूच किया। भीड़ को देखते हुए जिला कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। जिला कार्यालय के नामांकन कक्ष जाकर भाजपा प्रत्याशी डॉ.रमन ने नामांकन जमा किया। डॉ.रमन के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश एच.लाल, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष अग्रवाल मौजूद रहे। डॉ.रमन के अलावा डोंगरगांव सीट हेतु भरत वर्मा, विनोद खाण्डेकर (डोंगरगढ़) ने भी नामांकन जमा किया।
अमित शाह ने राजनांदगांव की विराट जनसभा में हुंकार भरते हुए यह कहा कि आप सबका जोश और बड़ी संख्या में उपस्थिति देखकर मुझे विश्वास हो गया है कि आगामी 3 दिसम्बर को छत्तीसगढ़ में कमल खिलने वाला है। राजनांदगांव जिले की चार विधानसभा सीटों के लिए पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह सहित चारों प्रत्याशियों के नामांकन दाखिले के लिए पहुंचे शाह ने इससे पहले हुई सभा को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में चुनाव की घोषणा के बाद पहली बार इतनी बड़ी सभा हो रही है, तब छत्तीसगढ़वासियों को याद रखना चाहिए कि छत्तीसगढ़ को हमारे पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी ने बनाया। कांग्रेसियों के शासनकाल में पुराने मध्यप्रदेश में छत्तीसगढ़ बीमारू राज्य बनकर खड़ा था। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनी और रमन सिंह मुख्यमंत्री बने, तब 15 साल में इस बीमार राज्य को विकसित बनाने का काम रमन सिंह ने किया।
गृह मंत्री शाह ने याद दिलाई भाजपा सरकार के ऐतिहासिक कार्य
केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने कहा कि 15 साल में राजनंदगांव हो या छत्तीसगढ़ के पिछड़ा वर्ग बहुल क्षेत्र हो, दलित भाई जहां रहते हों वह क्षेत्र हो, हर क्षेत्र को संपूर्ण विकसित करने का काम भाजपा सरकार ने किया। शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा को राजभाषा का दर्जा देने का काम भाजपा सरकार ने किया, किसानों को 14 प्रतिशत ब्याज से मुक्त करने का काम रमन सिंह की सरकार ने किया। पीडीएस की सबसे अच्छी व्यवस्था देशभर में कहीं लागू हुई तो वह छत्तीसगढ़ में हुई और डॉ. रमन सिंह को चावल वाला बाबा कहकर पुकारा गया। ट्राइबल, ओबीसी और दलित को अपने अधिकार देने का काम किया और छत्तीसगढ़ को हमने विकसित राज्य बनाने के लिए ढेर सारे कदम उठाए।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वर्णिम भविष्य वाले छत्तीसगढ़ बनाने का चुनाव
केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि भूपेश बघेल ने 5 साल में क्या किया, इसका जरा हिसाब-किताब जनता के सामने आना चाहिए। शाह ने अपने एक घंटा के भाषण में कहा कि आने वाला चुनाव एक सरकार बनाने भर का चुनाव नहीं है, आने वाला चुनाव विधायक चुनने का चुनाव नहीं है, आने वाला चुनाव प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वर्णिम भविष्य वाले छत्तीसगढ़ बनाने का चुनाव है। हर छत्तीसगढिय़ा को अपना वोट प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वर्णिम छत्तीसगढ़ बनाने के लिए देना है।
भाजपा सरकार में छत्तीसगढ़ रहा पहला नंबर
केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ हमारे 15 साल के शासनकाल में खाद्य और पोषण सुरक्षा देने में, कौशल विकास कर उसका अधिकार देने में, डेढ़ सौ दिन तक रोजगार देने में, महिला मजदूरों को मातृत्व अवकाश देने में, एजुकेशन हब बनाने में, पॉवर हब बनाने में, आईआईटी, लाइवलीहुड कॉलेज बनाने में पहले स्थान पर रहा।
कांग्रेस ने लूटा छत्तीसगढ़ का खजाना, दिल्ली दरबार का बना एटीएम
शाह ने सवाल किया कि भूपेश सरकार ने क्या किया? भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को कांग्रेस के दरबार का एटीएम बनाकर रखा। छत्तीसगढ़ के आदिवासी युवाओं के अधिकारों का पैसा दिल्ली दरबार में कांग्रेस की तिजोरी जाता है, दलित युवा का पैसा दिल्ली दरबार कि कांग्रेस की तिजोरी में जाता है, और पिछड़ा वर्ग के युवाओं बहनों के अधिकार का पैसा भी इनके एटीएम के माध्यम से दिल्ली में जाता है। पटवारी से मुख्यमंत्री तक का पूरा करप्शन चैन बना दिया है, जो दिल्ली तक जाता है। उन्होंने कहा कि शर्म आनी चाहिए कांग्रेस पार्टी को।
कांग्रेस राज में केवल घोटाले ही घोटाले
शाह ने कहा कि घोटाले की इतनी बड़ी सूची सार्वजनिक जीवन में कहीं नहीं देखी। शराब घोटाला 2000 करोड़ रुपए, उनके ऑफिस के अधिकारी जेल जाते हैं। परिवहन घोटाला साढ़े 500 करोड़ रुपए का किया। प्रधानमंत्री गरीब अन्नश्री योजना में 5000 करोड़ के चावल का घोटाला किया। 1300 करोड़ से ज्यादा रुपए का गौठान घोटाला किया, 600 करोड़ रुपए का पीडीएसफ घोटाला किया, महादेव एप का 5000 करोड़ रुपए का घोटाला करने का काम इस भूपेश सरकार ने किया है। शाह ने तंज कसा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने तो बच्चों की नौकरियों को भी नहीं छोड़ा। पब्लिक सर्विस कमीशन का घोटाला कर बच्चों की नौकरियों में भी कमीशन लेने का काम किया है।
बताए क्या हुआ कांग्रेस द्वारा किए वादों का?
शाह ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले चुनाव में ढेर सारे जो वादे किए, वह अब तक पूरे नहीं किए। महिलाओं को महतारी सम्मान योजना देना था, जो नहीं दिया गया। क्या हुआ मुफ्त गैस सिलेंडर देने के वादे का? शहरी क्षेत्र में संपत्ति कर 50 प्रतिशत कम करने का वादा किया था। राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू करने वाले थे पर क्या किया? बिजली का बिल आधा करने वाले थे, उसका क्या किया? मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ की जनता को इसका हिसाब देना चाहिए। भूपेश सरकार के शासन में ना दलित खुशहाल है, ना आदिवासी खुशहाल है, ओबीसी भी खुशहाल नहीं है। माता बहनों की तो बात ही मत करिए, युवा और किसान भी परेशान हैं। खुशहाल है तो गांधी परिवार अकेला खुशहाल है, और कोई नहीं।
छत्तीसगढ़ के बेटे भुनेश्वर साहू को लिंचिंग कर मार दिया
केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस की वोट बैंक की राजनीति के चलते भुनेश्वर साहू की लिंचिंग कर हत्या कर दी गई। छत्तीसगढ़ को फिर से एक बार कौमी दंगों का केंद्र बनाना चाहते हैं? भुनेश्वर साहू को न्याय मिलना चाहिए। भूपेश बघेल सरकार ने तुष्टीकरण के लिए, वोट बैंक की राजनीति के लिए छत्तीसगढ़ के बेटे भुनेश्वर साहू को लिंचिंग कर मार दिया। भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है कि भुनेश्वर साहू के हत्यारों को उनके अंजाम तक पहुंचाएंगे। उनके प्रतीक के रूप में उनके पिता ईश्वर साहू को हमने चुनाव के मैदान में उतारा है। अगर कांग्रेस फिर से सत्ता में आती है तो यही तुष्टीकरण कांग्रेस पार्टी आगे बढ़ाएगी।
छत्तीसगढ़ के लोगों के हक की पाई-पाई भ्रष्टाचारियों से वसूलेंगे
शाह ने विश्वास दिलाया कि एक बार कमल फूल का सरकार बना दो, जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है, उनसे पाई पाई वसूलेंगे और उनको उल्टा लटका कर सीधा करने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार करेगी।
क्या दिया उस सरकार ने छत्तीसगढ़ को?
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने पूरे देश का सम्मान बढ़ाया। अभी-अभी विधान सभाओं और लोक सभा में 33 प्रतिशत माता-बहनों को आरक्षण देने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया। चंद्रयान भेजा, जी - 20 सम्मेलन किया। इसी तरह छत्तीसगढ़ के लाभार्थियों को मोदी सरकार की योजनाओं का फायदा मिला है। राजनांदगांव में मेडिकल कॉलेज 370 करोड़ रुपए का, 40 करोड़ के शिवनाथ प्रवर्तन योजना, 15 करोड़ रुपए मातृशक्ति के लिए अस्पताल, 13 करोड़ रुपए एजुकेशन के लिए, 10 करोड़ रुपए मॉडल कॉलेज के लिए दिए गए हैं। वंदे भारत ट्रेन की सौगात भी मोदी सरकार ने दी है। 2004 से 14 तक केंद्र में यूपीए की सरकार थी, कांग्रेस की सरकार थी। क्या दिया उस सरकार ने छत्तीसगढ़ को? 2004 से 14 तक केवल 77 हजार करोड़ रुपये छत्तीसगढ़ को 10 साल के अंदर दिए, वहीं केंद्र की मोदी सरकार ने तीन लाख करोड़ से भी अधिक राशि छत्तीसग? को दी।
शाह ने भाजपा द्वारा दी गई सौगातों की लिस्ट गिना दी
केन्द्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि किसानों को सम्मान निधि दी, 24 लाख घरों में पीने का पानी पहुंचाया, 2 करोड़ गरीब छत्तीसगढ़वासियों को 5 लाख तक का पूरा स्वास्थ्य का खर्चा मोदी सरकार ने उठाया। 38 लाख घरों में शौचालय का निर्माण किया। उज्ज्वला गैस सिलेंडर दिया और 11 लाख लोगों को घर भी देने का काम बीजेपी की सरकार ने किया। शाह ने कहा कि जिन्होंने यहां एटीएम लगाकर छत्तीसगढ़ की जनता का पैसा दिल्ली के दरबार में कांग्रेस कार्यालय में पहुंचाने का काम किया, जिन्होंने छत्तीसगढ़ के भविष्य को पूरी तरह बर्बाद किया है, वह भूपेश बघेल को फिर से मौका दे सकते हैं क्या? शाह ने कहा कि जिस तरह से भुनेश्वर साहू को रौंद-रौंदकर मार डाला गया, उस सरकार को मौका देना है क्या?
प्रत्याशी घोषित करने से भी डर रही है कांग्रेस
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने इस मौके पर सभा को संबोधित करते हुए कहा कि तारीख-पर-तारीख देते रहने वाली कांग्रेस ने ले-देकर अभी भी सिर्फ 30 प्रत्याशी ही घोषित कर पाई है। उसमें भी कांग्रेस के 8 मौजूदा विधायकों की टिकट कट चुकी है। इससे स्पष्ट हो गया है कि पूरे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के खिलाफ जबर्दस्त आक्रोश है और पूरा छत्तीसगढ़ एक स्वर में कह रहा है- ‘अऊ नइ सहिबो, बदल के रहिबो।’ साव ने कहा कि कांग्रेस की प्रदेश सरकार ने प्रदेश का खजाना लूटने का काम किया और छत्तीसगढ़ के लोगों की गाड़ी कमाई का पैसा लूटकर दिल्ली दरबार की तिजोरी भरने का काम अपने पूरे शासनकाल में किया। अब प्रदेश की जनता ने इस सरकार को सबक सिखाने का संकल्प ले लिया है। कांग्रेस की भूपेश सरकार के जाने का समय आ गया है। साव ने उपस्थित जन समूह से भाजपा के प्रत्याशियों को बारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।
कांग्रेस की भूपेश सरकार ने राजनांदगांव व प्रदेश के साथ छल किया
पूर्व मुख्यमंत्री और राजनांदगांव के विधायक डॉ. रमन सिंह (राजनांदगांव से भाजपा प्रत्याशी) ने पहले विधायक और तीन बार मुख्यमंत्री बनाकर प्रदेश की सेवा का अवसर प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त कर कहा कि 15 साल के शासनकाल में मुख्यमंत्री के तौर पर जनता की नौकरी करके और राजनांदगांव से विधायक रहते हुए क्षेत्र का विकास किया है। और पांच साल में कांग्रेस ने अपने शासनकाल में क्या किया? राजनांदगांव के साथ पक्षपात करने का प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आते ही यहां का विकास रुक गया है। भाजपा की पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की उपलब्धि और विकास के लिए प्रतिबद्धता का ही यह सुपरिणाम रहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की स्थापना भाजपा के शासनकाल में हुई है।
मॉडल कॉलेज का निर्माण, मुख्यमंत्री सडक़ योजना में 102 किलोमीटर सडक़ों का निर्माण, ऐतिहासिक दिग्विजय स्टेडियम का निर्माण, मोतीपुर अंडरब्रिज का निर्माण, जल आवर्धन योजना में काम, अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का निर्माण, पेंडरी में हजार आवास का निर्माण आदि सकारात्मक काम भाजपा की सरकार ने किया और कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश में क्या किया? पांच साल में राजनांदगांव के साथ छल किया, धोखा किया। पाठ्यपुस्तक निगम का दफ्तर कांग्रेस की भूपेश की सरकार आते ही राजनांदगांव से छिन गया।
सडक़, पुल-पुलिया निर्माण का कार्य रुक गया है। राजनांदगांव नगर निगम को कांग्रेस सरकार के रहते 2018 से 2023 के मध्य सिर्फ 39 करोड़ रुपए मिले जबकि भाजपा के कार्यकाल में 2013 से 2018 में 200 करोड़ रुपए मिले थे। यह तुलना है भाजपा और कांग्रेस की सरकार की। आज क्या स्थिति करके रख दी कांग्रेस ने? भूपेश सरकार ने 5 साल में राजनांदगांव के साथ छल किया है, धोखा किया है। छत्तीसगढ़ के विकास को अवरुद्ध किया है। पाठ्यपुस्तक निगम का ऑफिस और सेतु निगम के कार्यालय को राजनंदगांव में बंद करने की दोषी प्रदेश की भूपेश सरकार है।
कांग्रेस ने गंगाजल की गरिमा गिराने का काम किया
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र दुनिया का सबसे झूठा दस्तावेज है। कांग्रेस ने गंगाजल की गरिमा गिराने का काम किया है। कांग्रेस सरकार ने महिलाओं के साथ बड़ा छल किया प्रदेश की महिलाएं बहुत दुखी हैं। शक्ति और भक्ति के पर्व के अवसर पर हम सब इस संकल्प के साथ विदा हो रहे है कि आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार छत्तीसगढ़ में दोबारा नहीं आएंगी। कांग्रेस की सरकार युवाओं का बेरोजगारी भत्ता खा गई। युवाओं का रोजगार छिन लिया। महिलाओं और युवाओं को छलने वाली यह सरकार अब नहीं चाहिए।
कांग्रेस में किसी को भी किसी पर भरोसा नहीं हैं
राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय ने अपने स्वागत भाषण में केंद्र सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त, सक्षम और ऊर्जावान नेतृत्व में जी - 20 समूह के देशों के सम्मेलन के सफल और सार्थक आयोजन से आज विश्व में भारतवर्ष का डंका बज रहा है। जब पूरे विश्व में कोरोना महामारी के भयावह काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लैब में जाकर देश के वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ाया, उनको संसाधन उपलब्ध कराया और दो अति महत्वपूर्ण वैक्सीन का निर्माण हुआ। उसे पूरे विश्व को भेजा। यहां के मंत्री इस वैक्सीन को लेकर दुष्प्रचार करते थे। पांडेय ने सभा में उपस्थित देश के गृह मंत्री शाह का अभिनंदन कवि भूषण की काव्य पंक्तियों से किया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह भरोसे का सम्मेलन करते हैं जबकि कांग्रेस में किसी को भी किसी पर भरोसा नहीं हैं तो फिर यह कैसा भरोसे का सम्मेलन है?
शाह का अध्यक्ष साव समेत भाजपा नेताओं ने किया जोरदार स्वागत
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का राजधानी पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव समेत पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री जगदीश रामू रोहरा, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष जयंती पटेल, सच्चिदानंद उपासने, ललित जैसिंग, अनूप खेलकर, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री विभा अवस्थी, सीमा संतोष साहू, कृतिका जैन, गोविंदा गुप्ता सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नामांकन फार्म बिके, पांच जमा
विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत नामांकन फार्म लेने एवं जमा करने की प्रक्रिया 13 अक्टूबर 2023 से प्रारंभ हो गई है। आज जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के कुल 37 व्यक्तियों ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामांकन फार्म प्राप्ति हेतु जिला कार्यालय में पहुंचकर नामांकन फार्म लिया और 5 व्यक्तियों द्वारा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामांकन फार्म जमा किया गया।
जिन अभ्यर्थियों ने आज नामांकन फर्मा जमा किए उनमें विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 74 - डोंगरगढ़ (अनुसूचित जाति) के लिए विनोद खांडेकर, राजनांदगांव के लिए डॉ. रमन सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अभ्यर्थी गिरीश देवांगन एवं निर्दलीय अभ्यर्थी दीपा रामटेके ने नामांकन फार्म जमा किए। इसी तरह विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 76-डोंगरगांव के लिए भरत लाल वर्मा ने नामांकन फार्म जमा किया।
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 77- खुज्जी के लिए किसी भी व्यक्ति ने अपना नाम निर्देशन पत्र जमा नहीं किया। अमित शाह की सभा के बाद गीता साहू (खुज्जी) को छोड़ सभी भाजपा प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। बताया जाता है कि गीता का नामांकन फार्म अधूरा था इसलिए गीता ने नामांकन जमा नहीं किया। जानकारी मिली है कि गीता साहू कल 17 अक्टूबर को नामांकन जमा करेंगी।
Add Comment